जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटा, 4 लोगों की मौत, 30 से अधिक लापता

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में लगातार भारी बारिश हो रही है. इस बीच जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ के एक गांव में बादल फट गया. जिले के सुदूर गांव में बुधवार तड़के बादल फटने की घटना में 30 से अधिक लोग लापता हो गए. 8-9 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं. घटना में अब तक 4 लोगों के शव बरामद किए गए हैं. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. एसडीआरएफ और सेना की मदद से बचाव कार्य जारी है. भारी बारिश की वजह से नेटवर्क थप हो गया है.

जम्मू में जुलाई माह के अंत तक और अधिक बारिश होने का अनुमान है जिसके चलते किश्तवार के अधिकारियों ने जलाशयों के निकट रहने वाले और फिसलन वाले क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने को कहा है. जिला प्रशासन ने मंगलवार रात को जारी एक परामर्श में कहा, ‘‘मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले दिनों में भारी बारिश हो सकती है जिससे नदियों और नालों में जल स्तर बढ़ सकता है और उनके निकट रहने वाले लोगों के लिए खतरा हो सकता है.’’

देश के कई राज्यों में इन दिनों बारिश का कहर जारी है. दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी हिमालयी राज्यों सहित उत्तर-पश्चिम भारत में बहुत भारी से बेहद भारी बारिश हो रही है. मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इस क्षेत्र में एक दिन और भारी बारिश का अनुमान जताया है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बुधवार तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है और इसके बाद इसमें कमी देखी जाएगी.

Related Articles

Back to top button