उन्नाव: छेड़छाड़ की पीड़िता ने बहन के साथ निगला जहर, पुलिस प्रताड़ना का आरोप

उन्नाव। पाटन बिहार थानांतर्गत एक गांव में ढाई माह पूर्व महिला द्वारा दर्ज कराए दुष्कर्म व एक किशोरी द्वारा दर्ज छेडख़ानी व पाक्सो एक्ट का मामला जोर पकड़ रहा है। दोनों पक्ष ने एक दूसरे पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। छेडख़ानी की रिपोर्ट दर्ज कराने वाली किशोरी ने अपनी बहन के साथ गुरुवार रात जहरीला पदार्थ निगल लिया। पुलिस का कहना है कि वह इसमें एक पक्ष से छेडख़ानी के आरोपित और दूसरे पक्ष के दुष्कर्म से आरोपित को जेल भेज चुकी है।

बारासगवर थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी बिहार थानांतर्गत एक गांव में रिश्तेदारी में तीन अगस्त को आई थी। शाम को शौच जाते समय एक युवक ने किशोरी से छेडख़ानी की। पीडि़ता ने युवक के खिलाफ छेडख़ानी व पाक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद वह थाने से बिना मेडिकल कराए स्वजन के साथ उन्नाव चली गई थी। जिसे पुलिस ने पाटन में रोका तो वह मेडिकल के लिए तैयार नहीं हुई। पुलिस व स्वजन में धक्का-मुक्की हुई थी। वहीं, दूसरी ओर छेडख़ानी के आरोपित की पत्नी ने पांच अगस्त को किशोरी के चार स्वजन के खिलाफ दुष्कर्म, छेडख़ानी सहित अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

आरोपितों में एक सिपाही भी शामिल है जो सीतापुर जिला में तैनात है। महिला ने गांव के दो और बारासगवर के दो लोगों के खिलाफ मारपीट, धमकी देने व सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपितों में एक को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा था। किशोरी के छेडख़ानी के मामले में महिला के पति को पुलिस जेल भेज चुकी है। गुरुवार को छेडख़ानी के मामले की वादिनी किशोरी व उसकी बहन ने अचानक जहरीला पदार्थ खा लिया। स्वजन व पुलिस दोनों को पीएचसी बीघापुर ले गई।

जहां हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां से उन्हें शुक्रवार को छुट्टी दे दी गई। स्वजन ने बताया कि इस मामले के दूसरे ही दिन एसपी ने बिहार थाना पहुंचकर दुष्कर्म व छेडख़ानी के मामले के दोनों पक्षों से बात की थी और विवेचक को निष्पक्ष जांच करने का निर्देश दिया था। एसओ हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि छेडख़ानी व पाक्सो एक्ट के मामले में चार्जशीट लग गई है। आरोपितों में एक को जेल भेजा जा चुका है। वहीं, दुष्कर्म मामले की विवेचना एसएसआइ बृज मोहन सैनी कर रहे हैं। इसका भी एक आरोपित जेल में है।

Related Articles

Back to top button