लखनऊ: शाइन सिटी घोटाले का एक और आरोपी जयपुर से गिरफ्तार

लखनऊ। करोड़ों का घोटाला करने वाली शाइन सिटी पर कोर्ट की फटकार के बाद शिकंजा कसना शुरु हो गया। वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने एक और फरार आरोपी राजीव सिंह को जयपुर से गिरफ्तार किया है। इससे पहले बिहार और बंगाल से दो गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्त में आया आरोपी होटल में छिपा हुआ था। इस पर लखनऊ व वाराणसी जिले में धोखाधड़ी के आधा दर्जन केस हैं। आरोपी पर 50 हजार रुपए का इनाम भी था।

वाराणसी पुलिस आयुक्त ए सतीष गणेश ने बताया कि क्राइम ब्रांच वाराणसी व थाना चितईपुर और लंका की पुलिस टीम ने सत्संग विहार कॉलोनी सुसुवाही वाराणसी निवासी राजीव सिंह को राजस्थान के जयपुर जिला स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया है। जहां वह नाम बदलकर रह रहा था। राजीव सिंह मूल से रूप से बिहार के जिला कैमूर थाना मोहनिया ग्राम गौरा का निवासी है। जिसकी पत्नी नीतू पुत्री कामेश्वर सिंह सासाराम बिहार में मिडिल स्कूल में अध्यापक है। राजीव सिंह के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी था।

आरोपी ने कर रखा है कंप्यूटर साइंस में डिप्लोमा

आरोपी राजीव सिंह ने स्नातक के बाद कंप्यूटर साइंस में डिप्लोमा किया था। उसके बाद 2011 में बिरला इंश्योरेंस कंपनी का एजेंसी मैनेजर बन गया था। उस समय बिरला में राशिद नसीम कॉरपोरेट एजेंट था। दोनों का परिचय बिरला कंपनी में ही हुआ था। 2013 में शाइन सिटी इंफ़्राटेक कंपनी राशिद नसीम और उसके भाई आसिफ नसीम ने बनाई तब राजीव को लखनऊ में मैनेजर बनाया था। साल 2014 में राजीव कुमार सिंह को वाराणसी का हेड नियुक्त किया। उस समय राशिद नसीम ने राजीव सिंह के नाम से राजातालाब खजूरी में जमीन का पावर ऑफ अटॉर्नी बनाया।

Related Articles

Back to top button