सोशल मीडिया पर टाटा समूह के चेयरमैन को भारत रत्न देने की उठी मांग, लेकिन रतन टाटा ने की बड़ी अपील
नई दिल्ली। देश के प्रतिष्ठित उद्योगपतियों में शुमार रतन टाटा को भारत रत्न दिलाने को लेकर सोशल मीडिया एक बड़ा अभियान चल रहा है। लेकिन अब रतन टाटा ने खुद इस अभियान को बंद करने की अपील सोशल मीडिया पर लोगों से की है। रतन टाटा ने सोशल मीडिया लोगों से अपील करते हुए कहा है कि वह भारतीय होने पर खुद को भाग्यशाली मानते हैं और उन्हें देश की वृद्धि और समृद्धि में योगदान देने पर खुशी होगी। 100 अरब डॉलर से अधिक के टाटा समूह के मानद चेयरमैन ने सोशल मीडिया के प्रयोगकर्ताओं से उनके लिए भारत रत्न की मांग के अभियान को रोकने को कहा है।
सोशल मीडिया पर अभियान के माध्यम से सरकार से टाटा को देश का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान देने के लिए मांग की जा रही है। इस मामले की जानकारी सामने आने के बाद टाटा ने ट्वीट करके लिखा, ‘‘मैं सोशल मीडिया पर यह अभियान चलाने वाले एक वर्ग की भावनाओं का सम्मान करता हूं। मैं उनसे विनम्रता से आग्रह करता हूं कि इस तरह के अभियान को रोका जाए।” सोशल मीडिया पर इस समय #भारतरत्न फॉर रतन टाटा ट्रेंड कर रहा है। सोशल मीडिया प्रयोगकर्ता टाटा को उनके योगदान विशेष रूप से युवाओं को प्रेरित करने के लिए भारत रत्न देने की मांग कर रहे हैं।
टाटा ने कहा, ‘‘मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि मैं भारतीय हूं। मैं भारत की वृद्धि और समृद्धि में योगदान देने का प्रयास करूंगा।” सोशल मीडिया के एक प्रयोगकर्ता ने अन्य लोगों से भी इस अभियान में शामिल होने का आग्रह करते हुए कहा कि टाटा ने युवाओं को प्रेरणा दी है। उन्होंने युवाओं को बताया है कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए अपनी क्षमता पर भरोसा करना जरूरी है। एक अन्य यूजर ने टाटा को देश का सही मायने में ‘हीरो’ करार देते हुए कहा कि वह भारत रत्न पाने के हकदार हैं।