Trending

उपराष्ट्रपति और शिवराज ने पंडित दीनदयाल की पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित कर किया नमन

नयी दिल्ली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर नमन करते हुए देश के उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कहा है कि वह प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक और एकात्म मानवतावाद के प्रणेता थे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल एकात्म मानवतावाद के प्रणेता थे जिनकी अंत्योदय की अवधारणा में अगाध आस्था थी। उन्होंने आजीवन दुर्बल और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अथक प्रयास किये। उनका एकात्म मानवतावाद, राष्ट्र का मार्गदर्शन करता है। बता दें कि आज यानी गुरुवार को भाजपा के आदर्श और विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि है। 

उपराष्ट्रपति ने अपने संदेश में पंडित दीनदयाल के इस कथन का भी उल्लेख किया, “यह जरूरी है कि हम सदैव अपनी राष्ट्रीय अस्मिता के बारे में सोचें, उसके बिना स्वतन्त्रता का कोई अर्थ नहीं है।” श्री नायडू ने कहा, “प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं मूर्धन्य राजनेता पण्डित दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी पावन स्मृति को सादर नमन करता हूं। “

शिवराज ने पंडित दीनदयाल की पुण्यतिथि पर किया नमन
वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर उनका नमन करते हुए उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए हैं। शिवराज चौहान ने अपने ट्वीट के जरिए कहा कि एकात्म मानववाद के प्रणेता, चिंतक, विचारक श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चिन्तक और भारतीय जनसंघ के अध्यक्ष रहे, पंडित दीनदयाल उपाध्याय कहा करते थे कि शिक्षा एक निवेश है और यही शिक्षित व्यक्ति आगे चलकर समाज की सेवा करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष की लालसा हर मनुष्य में जन्मजात होती है और समग्र रूप में इनकी संतुष्टि भारतीय संस्कृति का सार है। शिक्षित समाज और राष्ट्र का निर्माण ही उनके चरणों में सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Related Articles

Back to top button