Trending

शर्मा ने लगाया, राहणे भी क्रीज पर मौजूद, भारत की स्थिति मजबूत

नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मैच शनिवार से शुरू हो गया। ये मैच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 3 विकेट के नुकसान पर 180 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया के सर्वश्रेष्ठ ओपनर रोहित शर्मा ने शतक से फॉर्म में वापसी की है। उन्होंने टेस्ट करियर का सातवां शतक जड़ा है। रोहित ने मोईन अली की गेंद पर दो रन लेकर अपना शतक पूरा किया। वो 101 रन बनाकर खेल रहे हैं। रोहित के साथ रहाणे क्रीज पर हैं, जो 26 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने सुबह टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत ने सुबह के सत्र में ओपनर शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा और विराट के विकेट गंवाए।

गिल और विराट का खाता नहीं खुला जबकि पुजारा ने 21 रन बनाये। रोहित शर्मा ने सुबह के सत्र में स्कोरिंग की सारी जिम्मेदारी अपने कंधों पर रखी। तीन विकेट गिरने के बावजूद रोहित ने तेज गति से रन बटोरकर इंग्लैंड के गेंदबाजों को हावी नहीं होने दिया। रोहित ने स्वीप का इस्तेमाल कर इंग्लैंड के दोनों स्पिनरों लेफ्ट आर्म स्पिनर जैक लीच और ऑफ स्पिनर मोईन अली की गेंदों पर चौके मारे। भारत को टॉस जीतने के बाद दूसरे ओवर में ही झटका लगा जब ओली स्टोन ने गिल को पगबाधा कर दिया। रोहित और पुजारा ने दूसरे विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी की। पुजारा ने लीच की गेंद पर फॉरवर्ड डिफेंसिव शॉट खेलने के प्रयास में स्लिप में बेन स्टोक्स को कैच थमा दिया। पुजारा ने 58 गेंदों में दो चौकों की मदद से 21 रन बनाये।

विराट को अली ने एक खूबसरत गेंद पर बोल्ड कर दिया। अली की गेंद टप्पा पड़ने के बाद तेजी से टर्न हुई और विराट के बल्ले तथा पैड के बीच में से निकलती हुई उनकी बेल्स गिरा गयी। विराट को इस तरह आउट होने पर भरोसा नहीं हुआ। उन्हें लगा कि शायद बेल्स विकेटकीपर के दस्तानों से लग कर गिरी हो। उन्होंने तुरंत डीआरएस का सहारा लिया लेकिन वह साफ़ बोल्ड थे और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। विराट अपने करियर में 11 वीं बार शून्य पर आउट हुए। भारत ने इस मैच में अपनी एकादश में तीन परिवर्तन किये और वाशिंगटन सुन्दर की जगह को कुलदीप यादव, शाहबाज नदीम की जगह कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह की जगह मोहम्मद सिराज को एकादश में शामिल किया।

Related Articles

Back to top button