Trending

आजादी का अमृत महोत्सव: पीएम मोदी ने दांडी पदयात्रा को दिखाई हरी झंडी, कहा- आज हम इतिहास बनते देख रहे हैं

अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आजादी की 75वीं वर्षगांठ से सम्बंधित ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ कार्यक्रम के राष्ट्रव्यापी आयोजन की आज शुक्रवार यहां शुरुआत की और ऐतिहासिक दांडी मार्च की स्मृति में अहमदाबाद से नवसारी के दांडी तक 386 किलोमीटर की पदयात्रा को भी झंडी दिखा कर रवाना किया।

इस मौके पर पर आज़ादी के संग्राम की विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि अपने गौरवशाली अतीत पर गर्व करने वाले भारत की क्षमता और प्रतिभा की गूंज आज हर तरफ है। उन्होंने इस अवसर पर अपने सम्बोधन में यह भी कहा कि आने वाले समय में भारत एक बार फिर विश्वगुरु बन कर दुनिया को रास्ता दिखाएगा।

पीएम मोदी ने कहा कि आज हम इतिहास बनते देख रहे हैं और इसका हिस्सा भी बन रहे हैं। 15 अगस्त 2022 को आज़ादी के 75 साल पूरा होने से 75 सप्ताह पूर्व शुरू हुआ अमृत महोत्सव 2023 के 15 अगस्त तक चलेगा। इसका आयोजन जलियांवाला बाग़, सेल्युलर जेल समेत देश भर में आज़ादी की लड़ाई से जुड़े कई स्थानों पर हो रहा है। वह आज़ादी के संग्राम में आहुति देने वालों को नमन करते हैं।

इससे पहले पहले कार्यक्रम स्थल के निकट स्थित साबरमती आश्रम में महात्मा गांधी की प्रतिमा और इसके परिसर में उनके तत्कालीन आवास हृदय कुंज में उनके तैलचित्र पर पारम्परिक रूप से सूत की माला से माल्यार्पण किया। उन्होंने आश्रम की आगंतुक पुस्तिका में लिखा कि आश्रम आकर वह धन्यता का अनुभव करते हैं, त्याग तपस्या की भावना जागती है और राष्ट्र निर्माण का संकल्प मज़बूत होता है।

महोत्सव के दौरान यहां मुख्य कार्यक्रम में कई तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया जिसमें देश भर के कलाकारों ने अलग अलग भाषाओं में मनमोहक प्रस्तुतियां भी दी।

Related Articles

Back to top button