Trending

केंद्र सरकार के NCT बिल के खिलाफ AAP ने लखनऊ में किया प्रदर्शन, पुलिस से हुई झड़प

लखनऊ। केंद्र की मोदी सरकार राष्ट्रीय राजधानी दिल्‍ली के लिए एक नया एनसीटी बिल का प्रस्‍ताव लेकर आई है। इस बिल को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) लगातार विरोध कर रही है। इसी कड़ी में बुधवार को AAP पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई ने राजधानी लखनऊ की सड़कों पर जमकर प्रदर्शन किया।

आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा लाए जा रहे एनसीटी बिल के कानून के विरोध में 1090 चौराहे पर प्रदर्शन किया। देखते ही देखते प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह प्रदेश प्रवक्ता व जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हो गई।

बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस कार्यकर्ताओं पर लाठी भांजनी पड़ी। मौके से पुलिस ने करीब डेढ़ दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को हिरासत में लेकर करके इको गार्डन ले गई। जिलाध्यक्ष वैभव माहेश्वरी ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार संसद में एक बेहद खतरनाक बिल लाकर चुनी हुई दिल्ली सरकार को कमजोर करने की साजिश रच रही है।

इस बिल के पास होने के बाद एलजी के पास सभी शक्तियां होंगी और दिल्ली सरकार के सभी प्रस्तावों को लागू करने का फैसला उनकी मेहरबानी पर निर्भर होगा। दिल्ली विधानसभा में मिली करारी हार, एमसीडी उपचुनाव में शून्य सीट मिलने से भाजपा बौखला गई है। दिल्ली से लेकर के गुजरात तक जिस तरह से आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता बढ़ी है, उससे भाजपा परेशान है।

इसलिए भाजपा एक बार फिर दिल्ली में षडयंत्र कर रही है। चोर दरवाजे से संविधान पीठ के फैसले को पलटते हुए दिल्ली की चुनी हुई सरकार को कमजोर करने और दिल्ली में विकास ठप करने के घिनौना षड्यंत्र में लगी है। वैभव माहेश्वरी ने कहा कि संसद में जो संशोधन बिल प्रस्तुत किया गया, उससे साफ है कि भाजपा की मंशा कुंठित है।

इसमें हर विकास कार्य का अनुमोदन लेने के लिए उपराज्यपाल के पास पत्र बनिया भेजनी पड़ेगी जो केंद्र के अधीन होगा। कुल मिलाकर केंद्र सरकार के अधीन दिल्ली सरकार हो जाएगी इस काले कानून के विरोध को लेकर राजधानी लखनऊ में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। 

प्रदेश प्रवक्ता वैभव महेश्वरी ने आरोप लगाया पुलिस प्रदर्शन करने से रोकना चाहती थी जबकि कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे पुलिस ने धक्का-मुक्की की लाठीचार्ज भी किया गया इससे कई कार्यकर्ता चोटिल हुए हैं वहीं पुलिस का तर्क रहा कि प्रदर्शन के कारण 1090 चौराहे पर आवागमन बाधित रहा इसके कारण 20 मिनट से अधिक तक जाम लगा रहा। कार्यकर्ताओं को सड़क से हटाने के लिए हल्के बल का प्रयोग करना पड़ा। 

इस विरोध प्रदर्शन में आप के प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान लतीफ, प्रदेश प्रवक्ता प्रिंस सोनी, प्रदेश सचिव तुषार श्रीवास्तव, ब्रजेश तिवारी, ललित वाल्मीकि, बालगोविंद वर्मा, किश्वर जहां, रही जमाल, अंजू सिंह, रेखा कुमार, प्रीतपाल सलूजा, सुभाषनी मिश्रा, नोमान खान, सईद सिद्दकी, गजाला सिद्दकी, सलमान अली, अमीना बेगम, रामचंद्र आदि सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button