Jagdalpur News-बस्तर जिले के चार संग्रहण केंद्रों में रखे गए धान की हाेगी नीलामी
Jagdalpur News- बस्तर जिले में पिछले साल किसानों ने जमकर धान बेचा। किसानों से खरीदे गए धान का समय पर उठाव नहीं होने के चलते इस धान को संग्रहण केंद्रों में रखा गया है। बस्तर जिले में इस साल भी यहां के धान के साथ ही बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिले का धान रखा गया है। करीब तीन महीने से चार संग्रहण केंद्रों में रखे गए धान की मात्रा अब तक 16 लाख क्विंटल है, जिसे आने वाले दिनों में करीब 20 लाख क्विंटल किया जाएगा। सरकारी तौर पर की गई धान की खरीदी इन दिनों सरकार के लिए मुसीबत बनी हुई है। सरकार ने इस समस्या को दूर करने के लिए अब इसकी नीलामी की योजना बनाई है। इस योजना के तहत बस्तर जिले के चार संग्रहण केंद्रों में रखे गए धान की नीलामी की जाएगी। पहली बार संग्रहण केंद्रों में रखे गए धान की नीलामी में कोई परेशानी नहीं हो इसको लेकर मार्कफेड के अधिकारी संग्रहण केंद्रों में रखे गए धान की स्टेकिंग और मार्किंग सही ढंग से कराने में जुटे हुए हैं।
Read Also-Panipat News-ससुरालियों से तंग आकर दामाद ने की आत्महत्या
डीएमओ राजेंद्र कुमार ध्रुव ने कहा कि शासन से जारी आदेश के तहत धान की नीलामी कराने के तहत संग्रहण केंद्रों में पूरी व्यवस्था की जा रही है। इसमें छग. के साथ ही अन्य राज्यों के मिलर्स शामिल होंगे। संग्रहण केंद्र से बेचे जाने वाले धान को लेकर इस समय कोई रेट तय नहीं है। इसे 3100 रुपये प्रति क्विंटल में खरीदा था, अभी मंडी में 2100 से 2250 रुपये रेट चल रहा है, जिसके आधार पर दर तय करेंगे। बस्तर जिले में अन्य जिलों से आने वाले धान को सुरक्षित रूप से रखने के लिए चार संग्रहण केंद्र बनाए गए हैं। इसमें बिरिंगपाल, नियानार और छोटे देवड़ा के साथ ही सिवनी शामिल हैं। इन संग्रहण केंद्रों में करीब 620 करोड़ रुपये का धान रखा जाएगा। डीएमओ ने बताया कि इस समय नियानार संग्रहण केंद्र में बीजापुर और बस्तर का 4 लाख 50 हजार क्विंटल, छोटे देवड़ा संग्रहण केंद्र में बीजापुर और बस्तर 4 लाख 50 हजार बिरिंगपाल संग्रहण केंद्र में सुकमा, बीजापुर और बस्तर का करीब 3 लाख 50 हजार और सिवनी केंद्रों में बस्तर जिले का करीब 4 लाख क्विंटल धान है।