विभिन्न मुद्दों पर सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, केसरबाग से परिवर्तन चौक तक जाम से हलकान रहे लोग

 

लखनऊ,14 सितंबर 

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी के यूथ विंग कार्यकर्ताओं ने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था, गन्ना किसानों का भुगतान करने, किसानों की आय दो गुनी करने, किसानों का कर्ज माफ करने, शिक्षा का बाजारीकरण रोकने, छात्रों की फीस माफ करने सहित तमाम मांगों को लेकर जिलाधिकारी कार्यलय पर प्रदर्शन किया। कायर्कर्ताओं ने योगी सरकार के खिलाफ जमकर नारेजबाजी की। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रदर्शनकारी सपा कार्यकर्ता डीएम को ज्ञापन देने जा रहे थे तभी पुलिस ने उन्हें रोक लिया। 

इस दौरान उनकी पुलिस से कहासुनी हुई। प्रदर्शन के चलते परिवर्तन चौक और कैसरबाग के आस-पास का इलाका जाम के झाम में जकड़ गया। पुलिस ने परिवर्तन चौक से चारबाग जाने वाले मार्ग को बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इससे वाहन चालक चौराहे के चक्कर काटते नजर आए। वाहन चालक घंटों जाम में फंस कर परेशान हुए। 

बारादरी से कैसरबाग कलेक्ट्रेट ऑफिस तक जुटे सपाई 
लखनऊ में सपा कार्यालय बारादरी से कैसरबाग कलेक्ट्रेट ऑफिस तक कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। वहीं सपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ पीएसी भी कार्यालय के बाहर तैनात की गई थी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि भाजपा सरकार में अपराध की बढ़ोतरी हुई है। लाखों युवा बेरोजगार हो गए हैं। महिला सुरक्षा के दावे करने वाली सरकार महिलाओं के सुरक्षा को लेकर खिलवाड़ करती नजर आ रही है। इसको लेकर लोगों में आक्रोश है। सपा के नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। इस सरकार में चारों तरफ जंगलराज है। सरकार खुद ही पुलिस से फर्जी एनकाउंटर करवा रही है। सरकार में महिलाओं के साथ छेडख़ानी व दुष्कर्म के साथ हत्याओं की घटनाएं बढ़ गई हैं। भाजपा सरकार अपराध रोकने में पूरी तरह फेल होती दिख रही है। 

Related Articles

Back to top button