यूपी में पांच साल में कोई माई का लाल नहीं कर पाया दंगा : राजनाथ स‍िंह

लखीमपुर । केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार के गुजरे पांच साल में कोई भी माई का लाल दंगा नहीं कर पाया। इससे पहले कि सपा सरकार में क्या होता था? क्या हालात थे? यह किसी से छुपा नहीं है । राजनाथ सिंह लखीमपुर में प्रबुद्ध वर्ग के सम्मेलन को मोबाइल के जरिए संबोधित कर रहे थे। खराब मौसम के कारण बुधवार को उनका हेलीकाप्‍टर लखीमपुर में लैंड नहीं कर पाया इसके कारण उन्हें मोबाइल से ही सभा को संबोधित करना पड़ा। अपने 14 मिनट के उद्बोधन में उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा तो भाजपा सरकार की नीतियों का बखान भी जमकर किया। रक्षा मंत्री ने कहा कि देश की राजनीतिक पार्टियों में कथनी और करनी में बड़ा अंतर है लेकिन भारतीय जनता पार्टी में ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि 30-40 साल पहले पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश के अल्पसंख्यकों को पूरी सुरक्षा देना भाजपा ने पहले ही सुनिश्चित किया था। उन्होंने कहा कि पांच साल पहले उत्तर प्रदेश के हालात में और आज के हालात में बहुत बड़ा फर्क है। बड़े से बड़ा अपराधी जेल के अंदर है। उन्होंने कहा कि 2014 में केंद्र में जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई है तब से वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर जब भी भारत कुछ बोलता है तो सारे देश को गंभीरता से सुनते हैं। उन्होंने कहा कि कृषि प्रधान देश में केंद्र की सरकार किसानों के हितों को लेकर कृषि के विकास को लेकर पहले से ही प्रतिबंध है। उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास में नरेंद्र मोदी ऐसे पहले प्रधानमंत्री है ज‍िन्‍होंने किसानों से माफी मांगते हुए इस कानून को वापस ल‍िया। उन्होंने अपने संबोधन में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को भी याद किया कहा एक बार राजीव गांधी ने अपने संबोधन में कहा था कि दिल्ली से 100 पैसे चलते हैं तो राज्यों में पहुंचते-पहुंचते वह पैसे 15 ही रह जाते हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार में ऐसा नहीं है छह हजार रुपया दिल्ली से चलता है तो वह सभी के खातों में पूरा का पूरा पहुंचता है। हालांकि, अभी भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा दिया गया है ये तो नहीं किन्तु काफी हद तक भ्रष्टाचार रोकने में भी केंद्र सरकार सफल रही है।

Related Articles

Back to top button