बंगाल विधानसभा चुनाव: सीएम योगी ने ममता बनर्जी के ‘चंडी पाठ’ पर बोला हमला, कही ये बात

कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 को लेकर सियासी पार्टियों और उनके नेताओं के बीच जमकर जुबानी जंग जारी है। सभी पार्टी के स्टार प्रचारक लगातार रैलियां कर रहे हैं। आज कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बंगाल में भाजपा की तरफ से तीन रैलियों को संबोधित किया। इस दौरान सीएम योगी के निशाने पर बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी की अध्यक्ष ममता बनर्जी थीं।

सीएम योगी ने पश्चिम मेदिनीपुर की रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी के चंडी पाठ को लेकर तंज कसा। सीएम योगी ने कहा, ”साल 2014 के पहले इस देश के अंदर एक ऐसी पीढ़ी जन्मी जिसका सेकुलरिज्म मन्दिर जाने से खतरे में पड़ जाता था। लेकिन आज मैं देख रहा हूं कि ममता दीदी भी अब मंदिर में ‘चंडी पाठ’ कर रही हैं। यह है परिवर्तन। यह है अपना ‘नया भारत’।”

‘चंडी पाठ’ सनातन धर्म में मंत्रोच्चार के माध्यम से माता की पूजा की सबसे पुरानी और पूर्ण प्रक्रिया है। ममता बनर्जी ‘चंडी पाठ’ करती रही हैं। उन्होंने आज ही बांकुरा की रैली में चंडी पाठ किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि राम का विरोध जिसने भी किया उसे जनता ने मुहंतोड़ जवाब दिया है। राम भारत की संस्कृति और परंपरा हैं। हमें कोई राम से अलग नहीं कर सकता। अगर कोई प्रयास करेगा तो जनता उसे जवाब देगी। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यही गलती उत्तर प्रदेश के अंदर एक सरकार ने किया था। आज उसके हाल उत्तर प्रदेश में आप देख सकते हैं।

साथ सीएम योगी ने कहा, ”मैं पुरुलिया में गया वहां भी लोगों ने जय श्री राम का उद्घोष किया। अन्य सभाओं में भी लोगों ने जय श्री राम का उद्घोष किया। कोई राम से हमें अलग नहीं कर सकता है। कांग्रेस के रहते कभी मंदिर नहीं बन सकता था। टीएमसी के रहते तो कभी नहीं हो सकता था।”

Related Articles

Back to top button