2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में एक मंच पर दिखें सभी समाजवादी: शिवपाल

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के मुखिया शिवपाल सिंह यादव ने इच्छा जताई कि 2022 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर सभी समाजवादी एक मंच पर दिखें। समाजवादी धारा के सभी लोग एक साथ आकर ऐसा तालमेल बनाएं जिसमें सभी को सम्मान मिले और प्रदेश का विकास हो सके। माना जा रहा है कि उन्होंने भतीजे अखिलेश यादव की तरफ सियासी दोस्ती का हाथ बढ़ाया है।शिवपाल ने कहा कि समाजवादियों को एक साथ लाने की चाहत मेरे लिए कोई नई बात नहीं है। मैं पहले भी कह चुका हूं कि अगर हम लोहियावादियों, गांधीवादियों, चौधरी चरण सिंह के अनुयायियों और धर्मनिरपेक्ष ताकतों को एक जगह ला सके तो सांप्रदायिक शक्तियों को रोक सकते हैं। इस सपने को साकार करने के लिए मैंने 2015 से ऐसी ताकतों के महागठबंधन की पहल की थी। हालांकि दुर्भाग्य से संभव नहीं हो सका था। मौजूदा परिस्थिति में उन्होंने फिर अमन पसंद लोगों की एकजुटता का आह्वान किया।

सपा से गठबंधन के सवाल पर शिवपाल ने कहा कि इसके लिए मुझे अलग से कुछ कहने की जरूरत नहीं है। सपा संघर्ष के दम पर बनी थी। उसमें तीन दशक तक नेताजी की अगुवाई में समाजवादी विचारधारा के बहुत से लोगों के साथ मैं भी संघर्ष करता रहा। उम्मीद है, आने वाली पीढ़ियां भी संघर्ष का पथ चुनेंगी।

Related Articles

Back to top button