अयोध्या: तेज रफ्तार वाहन ने आटो को मारी टक्कर, एक की मौत, 8 घायल

अयोध्या। थाना पूराकलंदर क्षेत्र के अयोध्या- प्रयागराज हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर के बाद मजदूरों से भरी ऑटो पलट गया। ऑटो के नीचे दबने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि 8 घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दो की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा हांशापुर गांव स्थित लिम्का फैक्ट्री के सामने रविवार-सोमवार की रात 2 बजे के करीब हुआ।

मजदूरों से भरी एक ऑटो अयोध्या शहर की ओर आ रही थी। जैसे ही लिम्का फैक्ट्री के सामने पहुंची कि पीछे से तेज रफ्तार जा रहे वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। ऑटो पलटते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। लापतराम पुत्र भोले 55 वर्ष निवासी चपकहा थाना ईसानगर लखीमपुर खीरी की मौके पर ही मौत हो गई।

अन्य घायल आठ मजदूरों की पहचान ओमकार (18) पुत्र मुंशीलाल, मुकेश कुमार (35) पुत्र लाला, रोहित (18) पुत्र सुरेश निवासी हसनपुर कटौली थाना ईशानगर लखीमपुर खीरी, हरिमोहन (40) पुत्र रामसेवक, गुड्डू (19) पुत्र रामपाल, राहुल राजपूत (25) पुत्र पहाड़ी, मनोज कुमार (17) पुत्र मजाधा, दिनेश कुमार (19) पुत्र बुधई निवासी चपकहा थाना ईशानगर जिला लखीमपुर खीरी के रूप में हुई। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। दो की हालत गंभीर बताई गई है।

पूरा कलंदर थाना प्रभारी विजय सेन सिंह ने बताया कि घटना रात 2 बजे के आसपास की है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया था। यह मजदूर किसी ठेकेदार के माध्यम से इलेक्ट्रिक हाईवे लाइन बनाने का काम करते थे। जो रात में काम खत्म करके घर जा रहे थे।

Related Articles

Back to top button