बिहार : भाजपा विधायक को मार्शल ने उठाकर सदन से किया बाहर, जाने पूरा मामला…

पटना। रामनवमी पर बिहार शरीफ और सासाराम में हुई हिंसा को लेकर बिहार विधानसभा में बुधवार को भारी हंगामा हुआ। इस दौरान हंगामा कर रहे भाजपा के विधायक जीवेश कुमार को मार्शल ने उठाकर सदन से बाहर कर दिया। जिसके बाद जीवेश कुमार ने मार्शल पर बदसलूकी के आरोप लगाए हैं।

दरअसल, बुधवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायक वेल में उतर गए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस मामले में सफाई मांगने लगे। वहीं, स्पीकर अवध बिहारी चौधरी ने हंगामा कर रहे सदस्यों को समझाते हुए उन्हें अपनी सीट पर जाने के लिए कहा। लेकिन वे नहीं माने तो स्पीकर ने मार्शल बुलाकर भाजपा विधायक जीवेश कुमार को सदन से बाहर करने का आदेश दिया। बवाल होने पर विधानसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी दिया गया।

इस मामले में भाजपा विधायक जीवेश कुमार का कहना है कि वे सदन में बिगड़ती कानून व्यवस्था का मुद्दा उठा रहे थे। हमने सदन के नेता नीतीश कुमार से जवाब मांगा कि उनके गृह जिले नालंदा और सासाराम में हिंसा क्यों हुई। वहां हिंदुओं पर अत्याचार क्यों हो रहे हैं। मगर सरकार ने जवाब देने के बजाय उन्हें उठाकर बाहर कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके साथ इस तरह की बदतमीजी की गई। मार्शल ने उनसे मारपीट भी की।

Related Articles

Back to top button